हनुमानगढ़। जलदाय कर्मचारी महासंघ की जिला स्तरीय बैठक बुधवार को जिलाध्यक्ष लेखराम योगी की अध्यक्षता में जलदाय परिसर स्थित संगठन कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में पुरानी जिला कार्यकारिणी को भंग कर प्रदेश महामंत्री इन्द्राज घोटिया, सम्भाग संगठन मंत्री अंग्रेज सिंह तथा जिला मंत्री संदीप सिरावता के सानिध्य में नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से पुनर्गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में मनोज कुमार राव को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया, जबकि लेखराम योगी को पुन: जिलाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा अमीलाल गोदारा को मुख्य संयोजक, दलीप गोदारा को वरिष्ठ संयोजक, ज्वाला दत्त को सह संयोजक, रेशमसिंह बराड़ को कार्यकारी जिलाध्यक्ष, संदीप झोरड़ को संगठन मंत्री, रचना देवी को मीडिया प्रभारी, नरेंद्र कुमार को सह मीडिया प्रभारी, सुरेश दायमा को कोषाध्यक्ष, विकास शर्मा (पीलीबंगा) को सह मंत्री तथा रमजान खान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा गया। बैठक में मौजूद महासंघ पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि नई टीम सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन हित में सक्रिय रूप से कार्य करेगी। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री इन्द्राज घोटिया ने कहा कि जलदाय कर्मचारियों की प्रदेश स्तर की समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महासंघ की मांगों को लेकर जलदाय मंत्री से वार्ता हो चुकी है। साथ ही बजट पूर्व संवाद 2026-27 के तहत सात सूत्री मांग पत्र मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तक पहुंचाया जा चुका है, जिस पर भी सकारात्मक चर्चा हुई है। मांग पत्र में कार्यप्रभारित कर्मचारियों, मीटर रीडर, मीटर निरीक्षक, नई भर्तियों सहित अन्य प्रमुख मांगें शामिल हैं। उम्मीद जताई गई कि आगामी बजट में महासंघ की कुछ मांगों पर निर्णय लिया जाएगा। बैठक में लालचंद, गुरचरण सिंह और लक्ष्मण सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
