
हनुमानगढ़। जंक्शन थाना क्षेत्र के सुरेशिया से करीब एक माह पहले अचानक लापता हुई युवती का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस संबंध में युवती के पिता की ओर से जंक्शन पुलिस थाना में 27 नवम्बर को गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी। युवती को बरामद न किए जाने से आक्रोशित परिजनों व मोहल्लेवासियों ने गुरुवार को सुरेशिया पुलिस चौकी के समक्ष धरना लगा दिया। उन्होंने युवती की बरामदगी के साथ चौकी प्रभारी को हटाने की मांग रखी। युवती के पिता ने बताया कि उसकी 22 वर्षीय पुत्री की मानसिक स्थिति सही नहीं है। उसकी पुत्री 25 नवम्बर की शाम 5.30 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। लेकिन इसके बाद वह वापस घर लौटकर नहीं आई। उन्होंने सभी सम्भावित ठिकानों, रिश्तेदारी, जाति बिरादरी में उसकी पुत्री के बारे में पूछताछ व खोजबीन की लेकिन उसके बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका। वह लगातार पुलिस थाना के चक्कर लगा रहा है लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।

युवती के पिता के अनुसार उसने अपने स्तर पर अपनी पुत्री की तलाश की तो पता चला कि जग्गु उर्फ जगदीश भाट निवासी लम्बी के नजदीक रान्नो गांव, पंजाब व स्वरूप उर्फ सन्दीप ने उसकी पुत्री को जबरदस्ती अपने पास रखा हुआ है। चार दिसम्बर को वह अपनी पुत्री की तलाश करने के लिए गया तो उसके सामने ही जग्गु व स्वरूप उसकी की पुत्री को बाइक पर बैठाकर वहां से भाग गए। उसे पता चला है कि वर्तमान में उसकी पुत्री को सन्नी उर्फ सुनील निवासी सिरसा, जग्गु उर्फ जगदीश निवासी चन्नो, पंजाब, स्वरूप उर्फ सन्दीप निवासी चन्नो, पंजाब, अनु उर्फ अजय जाट निवासी बहिया, सिरसा ने जबरदस्ती अपने पास रखा हुआ है। सुरेशिया पुलिस चौकी प्रभारी को भी इसका पता होने के बावजूद उसकी पुत्री को तलाश करने में सहयोग नहीं किया जा रहा। मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी कि जब तक युवती को बरामद किया जाता है तब तक वे पुलिस चौकी के समक्ष धरने पर डटे रहेंगे। इस मौके पर पूर्व पार्षद राजेन्द्र चौधरी, जगदीप सिंह, अशोक गौरी, सिंगाराम भाट सहित अन्य वार्डवासी मौजूद थे।
