हनुमानगढ़। जंक्शन धानमंडी के व्यापारियों ने रबी सीजन 2026-27 में एक ही एजेंसी भारतीय खाद्य निगम के जरिए गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद करवाने की मांग की है। इस संबंध में व्यापारियों ने शनिवार को हनुमानगढ़ आए राजस्थान सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रमुख शासन सचिव अम्बरीश कुमार को व्यापार संघ, व्यापार मण्डल, फूडग्रेन व्यापार मण्डल व खाद्य व्यापार संघ के बैनर तले ज्ञापन सौंपा। प्यारेलाल बंसल के अनुसार राजस्थान सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से हनुमानगढ़ जंक्शन मण्डी में पांच एजेंसियों को समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए अधिकृत किया गया है। परन्तु पूर्व वर्षांे के अनुभव के अनुसार हनुमानगढ़ जंक्शन मण्डी में एक ही एजेंसी भारतीय खाद्य निगम की ओर से गेहूं की खरीद की जाती रही है। ऐसे में हनुमानगढ़ जंक्शन अनाज मण्डी में इस वर्ष भी केवल भारतीय खाद्य निगम के जरिए ही गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीद करवाई जाए। समय रहते गेहूं के भण्डारण (वेयर हाऊस) की व्यवस्था कर ली जाए ताकि गेहूं की आवक के समय परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही कच्चा आढ़तिया (क वर्ग दलाल) को गेहूं के रख-रखाव पर नियमानुसार आढ़त राशि का भुगतान किया जाए।
