ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार जिला सिरसा पुलिस द्वारा गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए स्कूल से गायब हुए एक बच्चे को मात्र 3 घंटे में सकुशल ढूंढकर उसके परिजनों के हवाले कर दिया। इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि जिला फतेहाबाद के गांव पीली मंदोरी का एक बच्चा सुबह स्कूल जाने के बाद अचानक लापता हो गया है। सूचना मिलते ही गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए थाना पुलिस को तुरंत अलर्ट किया गया और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की गई।

थाना नाथूसरी चौपटा की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान बस स्टैंड नाथूसरी चौपटा पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक बच्चे को पुलिस टीम ने सुरक्षित हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बच्चे ने बताया कि वह सुबह स्कूल गया था, लेकिन किसी कारणवश भटकते हुए यहां पहुंच गया।पुलिस द्वारा तुरंत बच्चे के परिजनों से संपर्क किया गया और उन्हें थाना बुलाकर आवश्यक औपचारिकताओं के बाद बच्चे को सकुशल उनके हवाले कर दिया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। परिजनों ने सिरसा पुलिस का दिल से धन्यवाद करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण उनका बच्चा सुरक्षित घर लौट सका।आमजन ने भी जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत सराहनीय पहल बताया है।
