हनुमानगढ़। कड़ाके की ठंड का दौर सोमवार को भी जारी रहा और घने कोहरे के साथ दिन की शुरुआत हुई। घने कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए। हाइवे पर वाहन रेंगते नजर आए। शीतलहर ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। रविवार की तरह सोमवार को भी जिले में सर्द सुबह देखने को मिली। लोग देर तक घरों में दुबके रहे। सर्दी से बचाव के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया और गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। सुबह कोहरे व कड़ाके की सर्दी के कारण बाजारों में भी चहल-पहल कम नजर आई। इस कारण बाजार में मंदी नजर आई। सुबह के समय घरों से निकले दुपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी हुई।

शहर में थ्री व्हीलर चालक सवारियों का इंतजार करते नजर आए। ठंड से उनका कार्य भी प्रभावित हुआ। शहर के चौक-चौराहों पर खड़े यातायात पुलिस कर्मियों ने भी कोहरे में वाहन को कम गति में चलाने व हैडलाइट जलाकर चलने के लिए चालकों से समझाइश की। 11 बजे बाद कुछ देर के लिए निकली धूप से सर्दी से कुछ राहत मिली। लेकिन इसके बाद बादलवाही के चलते पूरा दिन सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए। नए साल की शुरुआत से ही कोहरे और शीतलहर के चलने से सर्दी से तेवर तीखे बने हुए हैं और तापमान में गिरावट आई है। इसका जनजीवन पर गहरा असर पड़ा है। कोहरा इतना घना छा रहा है कि जनजीवन और यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वाहन चालकों को हैडलाइट जलाकर निकलना पड़ रहा है। पेड़-पौधों से पानी की बूंदें टपकती हैं। ऐसे समय में कोहरा खेतों में खड़ी फसलों के लिए वरदान साबित होगा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिन हल्का पाला जम सकता है और बीच में धुंध छाई रह सकती है।

