हनुमानगढ़। जंक्शन में सौ फुटी रोड अंडरब्रिज से बिजली कॉलोनी की ओर स्थित खुले नाले में गिरने से एक गोवंश की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने नगर परिषद के सफाई निरीक्षक को अवगत कराया। सूचना पर नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मृत गोवंश को नाले से बाहर निकाला। सुशील बहल के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार इस खुले नाले में गोवंश गिर चुके हैं, जिसकी जानकारी नगर परिषद अधिकारियों को बार-बार दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक नाले को ढकने या सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। यह खुला नाला प्रतिदिन बड़े हादसों को न्योता दे रहा है। उन्होंने नगर परिषद से जल्द से जल्द नाले को ढकने या सुरक्षा जाली लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
