
हनुमानगढ़/गोगामेड़ी। सुशासन संकल्प पखवाड़े के तहत गोगामेड़ी में सुशासन रथ के समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक संजीव बेनीवाल ने गुरु गोरक्षनाथ एवं लोकदेवता गोगाजी की पूजा-अर्चना कर किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजीव बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान सरकार ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में जनकल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं, जिसके चलते प्रदेश तेजी से विकसित राज्यों की श्रेणी में अग्रसर हो रहा है। उन्होंने कहा कि भादरा क्षेत्र में सिंचाई, सड़क निर्माण, शिक्षा, चिकित्सा, नालों की स्वीकृति, मोहल्ला क्लीनिकों की स्थापना सहित विभिन्न विभागों में ऐतिहासिक विकास कार्य किए गए हैं, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिला है।

विधायक बेनीवाल ने कहा कि पूर्ववर्ती शासनकाल में बदले की भावना और कुंठित मानसिकता के कारण क्षेत्र में वैमनस्यता बढ़ी, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों के समय कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार और लूट-खसोट ने विकास की गति को बाधित किया, जबकि वर्तमान सरकार ने पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि बीते समय में काम के बदले नोटों की माला पहनाने जैसी परंपराएं क्षेत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली थीं, जिन्हें समाप्त कर विकास और क्षेत्रवासियों के मान-सम्मान को सर्वोपरि रखा गया है। विधायक ने यह भी आश्वस्त किया कि आगामी बजट में क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं स्वीकृत होंगी, जो समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने में सहायक होंगी।

इस अवसर पर गोगामेड़ी मंडल की ओर से सभी अतिथियों का पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। साथ ही विधायक संजीव बेनीवाल ने सुशासन रथ के संचालक गोपीराम एवं ऑपरेटर शक्तिमान को विशेष रूप से सम्मानित किया। कार्यक्रम के पश्चात भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक के नेतृत्व में रथ के साथ संपूर्ण मंदिर परिसर की परिक्रमा करते हुए सुशासन रथ को विदाई दी। कार्यक्रम के अंत में गोगामेड़ी मंडल अध्यक्ष गीता कंवर ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में सरपंच महंतरूपनाथ, सुशासन संकल्प पखवाड़े के संयोजक संदीप साईं, पूर्व मंडल अध्यक्ष मांगूसिंह राठौड़, नगर मंडल अध्यक्ष पार्षद हरिप्रकाश शर्मा, छानी बड़ी मंडल अध्यक्ष सत्यप्रकाश चाहर, भिरानी मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बेनीवाल, जिला परिषद सदस्य दीपचंद बेनीवाल, जिला मंत्री प्रियंका सहारण, नेता प्रतिपक्ष मांगीलाल गोयल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
