हनुमानगढ़। लघु उद्योग भारती की ओर से जोधपुर प्रांत के छह जिलों के उद्योग प्रतिनिधियों के लिए आयोजित दो दिवसीय अभ्यास वर्ग शुक्रवार को सम्पन्न हुआ। इस अभ्यास वर्ग का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, लघु एवं मध्यम उद्योगों की समस्याओं पर मंथन करना तथा नई इकाइयों का गठन कर संगठन का विस्तार करना रहा। अभ्यास वर्ग में अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र का मार्गदर्शन प्रतिभागियों को प्राप्त हुआ, जिन्होंने संगठन की विचारधारा, कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। प्रकाश चंद्र ने कहा कि लघु उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इन्हें संगठित कर ही आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है। उन्होंने उद्यमियों से आपसी समन्वय, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया। अभ्यास वर्ग के दौरान विभिन्न सत्रों में उद्योगों से जुड़ी नीतियों, सरकारी योजनाओं, रोजगार सृजन और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की गई। इस मौके पर संगठन विस्तार की दिशा में कदम उठाते हुए नई इकाइयों का गठन किया गया। इसी क्रम में हनुमानगढ़ रीको औद्योगिक क्षेत्र द्वितीय की कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें विनोद ढाका को अध्यक्ष तथा सत्येंद्र मोहन शर्मा को सचिव मनोनीत किया गया। कार्यकारिणी गठन के पश्चात रीको औद्योगिक क्षेत्र द्वितीय फेस में नवनियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने नवगठित इकाई से क्षेत्र के उद्योगों की समस्याओं को मजबूती से उठाने और संगठन को सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में प्रांत सचिव सतीश गोयल, साहिल बलाड़िया, श्यामलाल गर्ग, प्रदीप गर्ग, अंकित गोयल, प्रिंस गहलोत, अनिल मूंड, सुनील भादू, श्यामलाल, अतुल सोनी सहित अन्य सदस्य एवं उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने अभ्यास वर्ग को उपयोगी बताते हुए संगठन की गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
