हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद के संगठन सचिव संदीप बिश्नोई द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत एक सराहनीय पहल करते हुए जिला कारागृह हनुमानगढ़ में निरुद्ध कैदियों के मनोरंजन एवं आध्यात्मिक उत्थान के लिए एक स्मार्ट एलईडी टीवी भेंट किया गया। यह टीवी कैदियों को धार्मिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों एवं अन्य उपयोगी लाइव प्रसारण देखने-सुनने की सुविधा प्रदान करेगा, जिससे उनके मानसिक स्वास्थ्य एवं सकारात्मक सोच को बल मिलेगा। परिषद के संगठन सचिव संदीप बिश्नोई ने बताया कि परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन एवं प्रिय मित्र जसवीर सिंह बराड़ की प्रेरणा से यह पहल की गई है। उनका मानना है कि कारागृह में रह रहे कैदियों को यदि सकारात्मक वातावरण और स्वस्थ मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराए जाएं, तो उनमें सुधार की भावना विकसित होती है और वे समाज की मुख्यधारा से पुनः जुड़ने के लिए प्रेरित होते हैं। गुरुवार को आयोजित एक सादे कार्यक्रम में संगठन सचिव संदीप बिश्नोई ने स्मार्ट एलईडी टीवी जिला कारागृह के जेलर अमराराम को सुपुर्द किया। इस अवसर पर जेल प्रशासन के अधिकारी एवं परिषद से जुड़े सदस्य भी उपस्थित रहे। जेलर अमराराम ने राष्ट्रीय युवक परिषद के संगठन सचिव संदीप बिश्नोई की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से कैदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। धार्मिक व प्रेरणादायी कार्यक्रम उनके मानसिक तनाव को कम करने में सहायक होते हैं और अनुशासन व सद्भावना का वातावरण बनता है।
