हनुमानगढ़। गांधीनगर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण शीघ पूर्ण करवाकर आमजन को राहत दिलवाने की मांग के संबंध में पूर्व पार्षद गौरव जैन ने मंगलवार को जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा को ज्ञापन सौंपा। गौरव जैन के अनुसार जंक्शन स्थित गांधीनगर इलाके में रेलवे की ओर से फुट ओवर ब्रिज का निर्माण करवाया जा रहा है। फुट ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए नगर परिषद की ओर से अपने मद में से करीबन 4 करोड़ रुपए उत्तर-पश्चिमी रेलवे बीकानेर को वर्ष 2021 में जमा करवाए गए थे। उस समय नगर परिषद एवं रेलवे के अधिकारियों की ओर से नक्शा एवं तकमीना स्वीकृत करने के उपरांत रेलवे की ओर से कार्य प्रारम्भ कर दिया गया था। जैन ने आरोप लगाया कि जब रेलवे की ओर से फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा था तब कुछ प्रभावशाली लोगों ने अपने व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए इस फुट ओवर ब्रिज के निर्माण को यह कहकर बंद करवा दिया कि इसकी ड्राइंग में बदलाव करवाना चाहते हैं। उक्त प्रभावशाली व्यक्तियों में एक पूर्व पार्षद है एवं वार्ड में शराब की अवैध ब्रांच चलाता है। जबकि आबकारी विभाग की ओर से कोई भी अधिकृत शराब की दुकान या ब्रांच वार्ड 49 में स्वीकृत नहीं है। यह व्यक्ति अपनी शराब की अवैध दुकान के सामने (जो कि रेलवे भूमि में स्थित है) की तरफ फुट ओवर ब्रिज उतारना चाहता है लेकिन इससे भविष्य में बहुत बड़ी समस्या उत्पन्न होने की संभावना है। जैन ने आरोप लगाया कि इसी व्यक्ति की ओर से नगर परिषद एवं रेलवे को अपना प्रभाव दिखाकर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पिछले 4 सालों से बाधित किया गया है। लगभग चार वर्ष बीत जाने के बाद भी फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पूर्ण नहीं हो पाया है। इससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह आमजन के हितों पर सीधे तौर पर कुठाराघात है। पूर्व पार्षद गौरव जैन ने जिला प्रभारी मंत्री से मांग की कि शीघ्र फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पूर्ण करवाकर आमजन को राहत प्रदान करवाई जाए।
