भादरा। ग्राम उत्थान शिविर–2026 के तहत गुरुवार को भादरा के नेठराना स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में किसानों और ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के साथ त्वरित लाभ प्रदान किया गया, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। शिविर के दौरान कृषि विभाग द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। प्रभारी अधिकारियों द्वारा शीशपाल, भूप सिंह सहित 50 किसानों को कार्ड सौंपे गए। साथ ही किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड की सिफारिशों के अनुरूप खाद एवं उर्वरकों के संतुलित उपयोग की सलाह दी गई, जिससे मृदा की गुणवत्ता बनी रहे और अनावश्यक उर्वरक खर्च से बचाव हो सके। कृषि विभाग की लाभकारी योजनाओं के अंतर्गत डिग्गी अनुदान योजना में विनोद कुमार, नरसिंह एवं कृष्ण कुमार को पूर्व में जारी वित्तीय स्वीकृतियां शिविर में ही जारी की गई। इन किसानों को प्रति कृषक तीन लाख रुपये के अनुसार अनुदान भुगतान किया जा चुका है।

वहीं वर्षा आधारित जल संचय हेतु खेत तलाई निर्माण अनुदान योजना में धन्ना राम को 1.35 लाख रुपये तथा महावीर प्रसाद को 1.20 लाख रुपये का अनुदान भुगतान किया गया। शिविर में सहकारिता विभाग द्वारा नवीन गोदाम निर्माण के आवेदन तैयार किए गए, राजस्व विभाग ने फॉर्म रजिस्ट्री एवं पंजीकरण से संबंधित कार्य किए, जबकि पंचायती राज विभाग द्वारा स्वामित्व कार्ड का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त पशुपालन, ग्रामीण विकास, उद्यानिकी, डेयरी, कृषि विपणन, ऊर्जा, जल संसाधन एवं उद्योग सहित कुल 13 विभागों की योजनाओं से कृषकों एवं आमजन को लाभान्वित किया गया। ग्राम उत्थान शिविर में शिविर प्रभारी रामप्रताप गोदारा, सहप्रभारी भजन लाल, ग्राम पंचायत नेठराणा के जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
