हनुमानगढ़। जबरन घर के पास से रास्ता निकालने का प्रयास करने, विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। यह ज्ञापन आजाद समाज पार्टी व भीम आर्मी के बैनर तले सौंपा गया। कुलदीप पुत्र मनफूलराम मेघवाल निवासी वार्ड 15, कमरानी, झाम्बर, दो एचएमएच के अनुसार उनका परिवार लगभग 70 वर्षां से गांव में बने मकान में निवास कर रहा है और धार्मिक आस्था के चलते मकान में मंदिर भी बनाया गया है। उनके मकान के पीछे स्थित कृषि भूमि सहदेव और बबलू की है।

आरोप है कि वहां पूर्व में कोई स्थायी रास्ता नहीं था, फिर भी सहदेव और बबलू मकान के पीछे और घर के समीप से नया रास्ता बनाने का प्रयास कर रहे हैं। कुलदीप ने कहा कि 11 जनवरी को सहदेव और बबलू उनके घर आए और गाली-गलौज व मारपीट की। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया और घर खाली करने की धमकी दी। 17 जनवरी को सहदेव और बबलू अपने साथ पटवारी व तहसीलदार लेकर बिना वैधानिक नोटिस के ट्रैक्टर से मकान के पास खुदाई कराने पहुंचे। विरोध करने पर मकान गिराने और जान से मारने की धमकी दी गई।

कुलदीप का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और मुकदमा भी दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने एसपी से गुहार लगाई कि सहदेव और बबलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए, जबरन रास्ता निकालने के प्रयास पर रोक लगाई जाए और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 12 फरवरी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वे टाउन थाना के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर आजाद समाज पार्टी के बीकानेर संभाग सचिव रेवंतराम पंवार, बसपा जिला सचिव सुरेंद्र परिहार, कुलदीप मेघवाल, लेखराम, संदीप, काशीराम, सोनू घारू, अनिल, मेनपाल मौजूद रहे।
