टिब्बी। वार्ड 14 में जोहड़ के पास शनिवार सुबह पतंग उड़ाते समय एक बालक जोहड़ में गिरने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच कर तत्काल बालक को सुरक्षित बाहर निकाला। जोहड़ के पानी की निकासी की व्यवस्था की मांग को लेकर आक्रोशित वार्डवासियों ने जोहड़ के पास सड़क पर धरना लगाकर बैठ गए।

वार्डवासी रफीक खान, मंगा सिंह,काकू सिंह, नारायण सिंह, गुरबचन सिंह,राजू सिंह, कृष्ण सिंह, जरनैल सिंह, गुरनाम सिंह आदि बताया कि जोहड़ में पानी की समुचित निकासी के इंतजाम नहीं होने की वजह से यहां पर हरवक्त खतरा बना रहता है।

वार्डवासियों का कहना है कि पहले भी बच्चे इस जोहड़ में इसमें गिर चुके हैं लेकिन बार-बार लिखित में ज्ञापन दिए जाने के वाबजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। पिछले दिनों मानसून की बरसात के समय यहां पर पानी निकासी की व्यवस्था के लिए नगरपालिका प्रशासन की ओर बोरवैल किया तथा पानी निकासी के लिए पाइप लाइन भी डाली गई लेकिन समस्या आज भी जस की तस है।

जोहड़ के ओवरफ्लो होने से वार्डवासियों को खासा परेशानी हो रही है। जोहड़ की पानी की समुचित व्यवस्था की व्यवस्था की जानी चाहिए। वार्डवासियों का आरोप है कि पाइप लाइन से पानी की निकासी व्यवस्था नहीं की गई है जिससे जोहड़ में पानी ओवरफ्लो होने से गलियों में दूषित पानी पसर कर लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। इस संबंध में एसडीएम सत्यनारायण सुथार ने कहा कि समस्या का समाधान करवाने के लिए निर्देशित किया गया है। मौके पर नगरपालिका ईओ व एईएन को भेजा गया है। जल्द ही समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
