संगरिया। संगरिया थाना पुलिस ने गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए बाइक सवार एक युवक के कब्जे से 11.31 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी पड़ोसी राज्य हरियाणा के जिला सिरसा के गांव चौटाला का निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार संगरिया थाना पुलिस की टीम एसआई प्रमोद सिंह के नेतृत्व में प्राइवेट कार से क्षेत्र में गश्त कर रही थी। टीम ने कस्बा संगरिया में शहीद भगतसिंह चौक, क्रांति चौक, धान मंडी एवं बस स्टैंड क्षेत्र में गश्त की। इसके बाद टीम संगरिया से 36 हैड रोड पर रोही क्षेत्र में पहुंची। इसी दौरान 36 हैड की ओर से तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक घबरा गया और बाइक को वापस मोड़ने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। जांच में पाया गया कि बाइक के आगे नम्बर प्लेट नहीं थी, जबकि पीछे एचआर 16 एफ 5281 नम्बर प्लेट लगी हुई थी। पूछताछ में युवक की पहचान सुरेन्द्र कुमार उर्फ स्वामी (26) पुत्र देवीलाल स्वामी निवासी बाबा हरीराम मंदिर के पास, चौटाला, पीएस सदर डबवाली, जिला सिरसा (हरियाणा) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक की पारदर्शी थैली में 11.31 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने हेरोइन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा बाइक को भी जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया। मामले की तफ्तीश टिब्बी थाना प्रभारी हंसराज लूणा कर रहे हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई प्रमोद सिंह, कांस्टेबल संजय कुमार, रामावतार एवं ज्वाला सिंह शामिल रहे।
