हनुमानगढ़। टाउन में गुरु रविदास सेवा समिति की ओर से संत शिरोमणि गुरु रविदास की 649वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय प्रभात फेरी का रविवार को समापन किया गया। इस दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा, रंगोली सजाकर प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान नगर में भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द का अनुपम दृश्य देखने को मिला।

वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। प्रभात फेरी गंगा मइया रेगर मोहल्ला से प्रारंभ होकर बाजार मार्ग, लोहिया कॉलोनी, अम्बेडकर कॉलोनी, भभूता सिद्ध कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए किरयाना भवन के पास स्थित रेगर धर्मशाला में पहुंचकर सम्पन्न हुई। प्रभात फेरी के दौरान गुरु रविदास के चित्र को सुसज्जित रथ में विराजमान किया गया। श्रद्धालु गुरु रविदास के भजनों पर नाचते-गाते हुए नगर भ्रमण करते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।

गुरु रविदास सेवा समिति के प्रतिनिधि गोविंद रेगर ने बताया कि गुरु रविदास की जयंती के उपलक्ष्य में पिछले पांच दिनों से प्रतिदिन अल सुबह 4 बजे प्रभात फेरी निकाली जा रही थी। सोमवार को गुरु रविदास जयंती के मौके पर रेगर धर्मशाला में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।

इसके बाद गुरु महाराज की आरती होगी तथा प्रसाद वितरण किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। समिति सदस्यों ने कहा कि गुरु रविदास जी का संदेश सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे पर आधारित है। उन्होंने जातिवाद और भेदभाव का विरोध करते हुए प्रेम, करुणा और मानवता का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को दिशा देने वाली हैं।

इस मौके पर समिति अध्यक्ष सुशील रेगर, उपाध्यक्ष रोशन रेगर, सचिव बंटी रेगर, कोषाध्यक्ष कर्ण रेगर, आत्माराम रेगर, पुरखाराम, हरीश रेगर, रोहताश रेगर, कुलदीप रेगर, मनोहर रेगर, डॉ. विजय रेगर, गोविंद रेगर, सचिन रेगर, सतीश रेगर, पवन, राहुल, हेमंत, कृष्ण, नीरज, केशव, कानाराम, प्रकाश, नरेश, कमल मौजूद रहे।
