नोहर। राज्य सरकार की ओर से चलाये जा रहे सड़क सुरक्षा माह के तहत यहां के श्री रूपराम स्वामी लॉ कॉलेज में एक सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी ने भावी अधिवक्ताओं को यातायात नियमों के प्रति समाज में जन जागरूकता की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज का जिम्मेदार अंग है। उनके माध्यम से समाज में जन जागृति फैलाई जाती है। अगर हम अपने आसपास यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने का काम करें तो देश में हर साल होने वाली लाखों मौतों के आंकड़ों को काम किया जा सकता है।

उन्होंने साइबर क्राइम से जुड़ी अहम जानकारियां भी स्टूडेंट के साथ सांझा की। कार्यक्रम में पुलिस उप अधीक्षक सुभाष पूनिया ने यातायात नियमों को बोझ की बजाय जिम्मेदारी समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से हम अपना ही नहीं बल्कि दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रखने का काम करते हैं। उन्होंने देश और प्रदेश में हर साल होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मृत्यु दर के आंकड़ों की जानकारी दी।

वहीं संस्था के निदेशक डॉ अमर सिंह स्वामी ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट करते हुए संस्थान की गतिविधियों के बारे में बताया। संस्था के प्रधानाचार्य गोविंद राम चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया। मंच का संचालन पवन कुमार भादरा ने किया।
