हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘आप आप रै साथ’ अभियान के तहत रविवार को आप पदाधिकारियों की ओर से मनरेगा मजदूरों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना गया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल के नेतृत्व में ओबीसी विंग के जिलाध्यक्ष लीलाधर भाट, वरिष्ठ सदस्य गोपाल मेघवाल एवं सतपाल भाट ने ग्राम पंचायत भूनावाली ढाणी एवं 13 केएसपी में मनरेगा साइट पर पहुंचकर मजदूरों से बातचीत की। संवाद के दौरान मजदूरों ने महंगाई के अनुपात में मजदूरी बढ़ाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि सरकार अपने कर्मचारियों को नियमित रूप से महंगाई भत्ता और वेतन वृद्धि देती है, जबकि मनरेगा मजदूरों को नाममात्र की मजदूरी पर काम करना पड़ रहा है। मजदूरों ने यह भी बताया कि पहले मनरेगा में उपलब्ध पानी, मेडिकल, छाया, उपकरण एवं अन्य सुविधाएं धीरे-धीरे समाप्त की जा रही हैं, जिससे उन्हें कठिन परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है। मजदूरों ने शिकायत की कि उन्हें 7 से 8 किलोमीटर दूर स्थित साइट तक पैदल जाना पड़ता है। महिला मजदूरों ने मांग की कि मनरेगा में कार्यरत गर्भवती महिलाओं को सरकारी महिला कर्मचारियों की तरह प्रसव अवकाश और उस अवधि की मजदूरी दी जाए। साथ ही साइट दूर होने की स्थिति में वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई, जिससे विशेष रूप से महिला श्रमिकों को राहत मिल सके। मजदूरों ने मनरेगा के तहत 125 दिनों के रोजगार की पूरी मजदूरी देने, 100 दिनों के रोजगार की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा धात्री महिला मजदूरों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पौष्टिक आहार वितरण की व्यवस्था करने की मांग भी की। आप नेताओं ने मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से उठाने और संबंधित स्तर पर उन्हें पहुंचाने का आश्वासन दिया। अभियान के दौरान मजदूरों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और मनरेगा में काम करने की स्थितियों में सुधार आएगा।
