
हनुमानगढ़। रावतसर से बड़ा मामला सामने आया है, जहां वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटान के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम देकर वन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। डीएफओ सुरेश आबूसरिया के स्पष्ट और कड़े निर्देशों पर रावतसर रेंज में तैनात रेंजर सर्वजीत सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने तड़के सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए हरी लकड़ियों का कुतरा करने में इस्तेमाल हो रही मशीन, ट्रैक्टर, पिकअप वाहन और औजारों को जब्त किया है। यह कार्रवाई रावतसर रेंज के वन क्षेत्र 2 एनजीएम में खोडा ग्राम के पास की गई, जहां लंबे समय से अवैध कटान की शिकायतें मिल रही थीं। जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 4 बजकर 30 मिनट पर सहायक वनपाल सोहन मीणा को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि 2 एनजीएम के वन क्षेत्र में अवैध रूप से हरे पेड़ों को काटकर उनका कुतरा किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक वनपाल सोहन मीणा, वन रक्षक उमेश रहै सहित वन विभाग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, वहां का दृश्य देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। वन क्षेत्र के भीतर एक महिंद्रा ट्रैक्टर खड़ा मिला, जिसके पीछे हरी लकड़ियों को कुतरा करने की मशीन लगी हुई थी। इसके साथ ही मौके पर दो पिकअप वाहन भी पाए गए। इनमें से एक पिकअप पूरी तरह से कुतर किए गए हरे पेड़ों की लकड़ियों से भरी हुई थी, जबकि दूसरी पिकअप खाली थी, लेकिन उसमें कुतरा करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और अन्य उपकरण मौजूद थे। वन विभाग की टीम को देखकर मौके पर मौजूद लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, हालांकि विभाग ने मौके से तीनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। जब्त किए गए वाहनों में एक महिंद्रा ट्रैक्टर कुतरा मशीन सहित, एक लकड़ियों से भरी पिकअप और एक खाली पिकअप शामिल है। इसके साथ ही कुतरा करने के लिए उपयोग में लाए जा रहे सभी औजार भी जब्त कर लिए गए हैं। कार्रवाई के बाद वन विभाग की टीम ने तीनों वाहनों को जब्त कर रावतसर रेंज कार्यालय में खड़ा करवा दिया है।

वन विभाग द्वारा जब्त की गई हरी लकड़ियों का आंकलन किया जा रहा है, वहीं पूरे मामले में वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से की गई और गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग ने त्वरित कदम उठाकर अवैध कटान को मौके पर ही पकड़ लिया। डीएफओ सुरेश आबूसरिया ने स्पष्ट निर्देश दे रखे हैं कि वन क्षेत्र में अवैध कटान, परिवहन और लकड़ी के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेंजर सर्वजीत सिंह ने बताया कि वन क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई जा रही है और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। आने वाले दिनों में इस तरह की और भी कार्रवाइयां की जाएंगी ताकि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। स्थानीय स्तर पर यह कार्रवाई इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि क्षेत्र में हरे पेड़ों की अवैध कटाई से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा था। वन विभाग की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि अब वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल वन विभाग फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटा है और जब्त वाहनों के दस्तावेजों के आधार पर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस अवैध कटान गिरोह से जुड़े लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
