नोहर। श्रीमती नर्बदा देवी बिहानी राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय, नोहर में सांस्कृतिक सप्ताह के अन्तर्गत महाविद्यालय की सांस्कृतिक और साहित्यिक समिति द्वारा 30 जनवरी को एकल गायन, सामूहिक गायन, एकल नृत्य और सामूहिक नृत्य आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही सत्र 2025-26 के खेलकूद, सांस्कृतिक एवं पुरस्कार वितरण समारोह भी रखा गया। जिसमें वर्षभर होने वाले अनेक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। अकादमिक तौर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर अमरसिंह मूनपरिया ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों की प्रतिभा को निखारने का जरिया होते हैं इनसे सहभागिता बढ़ती है और छात्र सामूहिक भागीदारी का महत्त्व समझते हैं। कार्यक्रम के वरिष्ठ अतिथि गंगा नर्सिंग होम के डायरेक्टर डॉ. संतलाल छिम्पा और सहायक वाणिज्यिक कर अधिकारी, नोहर अल्पा सहारण रहीं। डॉ. संतलाल छिम्पा ने स्वास्थ्य के लिए खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के महत्त्व पर प्रकाश डाला। सांस्कृतिक गतिविधियां किसी समाज या समूह की परंपराओं, कलाओं, मूल्यों और जीवन शैली को दर्शाने वाले कार्यक्रम हैं जिनमें लोक नृत्य, शास्त्रीय संगीत, नाटक, रंगोली और हस्तकला से संबंधित अन्य गतिविधियाँ शामिल होती है। ये गतिविधियां भावनात्मक, बौद्धिक और सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं, जो छात्रों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता बढ़ाती हैं और लोगों को एक साथ लाती हैं। अल्पा सहारण ने कहा कि सहशैक्षणिक गतिविधियाँ छात्रों के लिए शैक्षणिक पाठ्यक्रम के जितनी ही महत्त्वपूर्ण होती हैं, इनका महत्त्व अंकीय प्रतिस्पर्द्धा से अलग छात्रों द्वारा सामाजिक व्यवहार सीखने की प्रक्रिया में उद्घाटित होता है।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के कार्यक्रम प्रभारी डॉ एकता देवी और मीरां भादू ने विद्यार्थियों को सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्त्व के बारे में बताया। एकल गायन प्रतियोगिता में अमन ने प्रथम और अंकुश ने द्वितीय स्थान हासिल किया।एकल नृत्य में निकिता प्रथम और नेहा द्वितीय रहीं। समूह नृत्य में विनीता एवं नकिता ग्रुप प्रथम
और वंदना एवं उर्मिला ग्रुप द्वितीय स्थान पर रहा।सभी विजेताओं को महाविद्यालय परिवार की तरफ से सम्मानित किया गया। महाविद्यालय में हर वर्ष दिसम्बर-जनवरी में सांस्कृतिक समारोह रखा जाता है, जिसमें विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अनेक खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होता है विद्यार्थी इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। समिति प्रभारी डॉ बलदेवाराम ने छात्रों को सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एकता देवी ने किया। इस अवसर पर स्टाफ के अन्य सभी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।
