
हनुमानगढ़। वनकर्मी मनवीर सिंह को स्थाई नौकरी देने व हटाने की तारीख से अब तक के वेतन का भुगतान करने की मांग को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन कार्यकर्ताओं की ओर से मंगलवार, 6 जनवरी को जिला कलक्ट्रेट के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन जिलाध्यक्ष मदनलाल मेघवाल के अनुसार वनकर्मी मनवीर सिंह 32 साल से न्याय के लिए भटक रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त दोनों मांगों के अलावा वनकर्मी मनवीर सिंह को दस लाख रुपए की सहायता प्रदान करने तथा दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों को सस्पेंड करने एवं उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की मांग की जाएगी। धरना-प्रदर्शन में दलीप बसेर, विनोद जोइया, सुखपाल कौर, रांझा सिंह व सुलखन सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
