
हनुमानगढ़। व्यापार मण्डल शिक्षा समिति की तीन वर्षीय नई कार्यकारिणी ने गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण, उपाध्यक्ष विकास हिसारिया, सचिव हरीकृष्ण खदरिया, सहसचिव संजय कुमार व कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र गोयल ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया। नए पदाधिकारियों का साफा बांधकर एवं माल्यार्पण कर पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। मंच से सभी पदाधिकारियों को उनके नवीन दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि व्यापार मण्डल शिक्षा समिति क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विधायक ने समिति के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से समाज को मजबूत किया जा सकता है। विधायक बंसल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से पारदर्शिता, समर्पण एवं सामूहिक प्रयासों के साथ कार्य करने का आह्वान किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण ने कहा कि उनका प्रयास समिति के समग्र विकास के साथ-साथ कर्मचारियों एवं शिक्षण संस्थानों से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के हितों की रक्षा करना रहेगा। उन्होंने टीम भावना से कार्य करने और शिक्षा के क्षेत्र में नई योजनाओं को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
