हनुमानगढ़। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर सशक्त नारी संस्थान, हनुमानगढ़ द्वारा बुधवार को पुलकित कॉलेज परिसर में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को कैंसर के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच के महत्व को समझाना तथा भय के बजाय जानकारी और आत्मविश्वास के साथ इस बीमारी का सामना करने का संदेश देना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं कॉलेज स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्त्री रोग विशेषज्ञ वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सविता सोनी रहीं। उन्होंने यूनाइटेड बाय यूनिक– हर कैंसर यात्रा अनोखी, एकजुट होकर लड़ें” विषय पर विस्तार से जानकारी साझा की। डॉ. सोनी ने कहा कि कैंसर का समय पर पता चल जाए तो इसका इलाज संभव है।

उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, शुरुआती लक्षणों की पहचान और संतुलित जीवनशैली को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि कैंसर से डरने की नहीं, बल्कि जागरूक होकर समय रहते जांच कराने की जरूरत है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें और नियमित मेडिकल चेकअप कराएं। सशक्त नारी संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट मिताली अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल दवाइयों से नहीं, बल्कि जागरूकता, मानसिक मजबूती और समाज के सहयोग से जीती जाती है।

संस्थान का उद्देश्य है कि हर महिला तक सही और विश्वसनीय जानकारी पहुंचे, ताकि वह अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे सके। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए कॉलेज प्रशासन, अतिथियों और संस्थान की पूरी टीम का आभार जताया। कार्यक्रम में कैंसर सर्वाइवर अंजली बंसल ने अपनी प्रेरणादायक जीवन यात्रा साझा की। उन्होंने कहा कि कैंसर एक चुनौती जरूर है, लेकिन यह हारी हुई लड़ाई नहीं है।

सही समय पर जांच, उचित इलाज और मजबूत इच्छाशक्ति से जीवन दोबारा मुस्कुरा सकता है। उनकी कहानी ने उपस्थित महिलाओं में नया आत्मविश्वास और साहस भर दिया। पुलकित कॉलेज की प्रिंसिपल चंद्रा गुर्नानी ने सशक्त नारी संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आज के समय की आवश्यकता हैं।

उन्होंने आश्वस्त किया कि कॉलेज भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों के लिए सहयोग करता रहेगा। कार्यक्रम में सशक्त नारी संस्थान की सचिव प्रीति गुप्ता, उपाध्यक्ष निशा मित्तल, प्रचार मंत्री रजनी अग्रवाल, डाइटीशियन पूजा मित्तल, सिमरन कौर, बबिता स्वामी, श्वेता गोयल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।
