हनुमानगढ़। शहीद दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रपिता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के माध्यम से सत्य, अहिंसा और सद्भाव के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया गया तथा महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी गई।




कार्यक्रम के दौरान नवज्योति मूक-बधिर एवं अंध विद्यालय, हनुमानगढ़ के विशेष बच्चों आदित्य एवं मनोज ने गांधीजी का प्रिय भजन प्रस्तुत किया, वहीं एनपीएस स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रामधुन ने वातावरण को श्रद्धा और भक्ति से भर दिया। इस अवसर पर राष्ट्रपिता की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें नमन किया गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदी लाल मीना, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद् ओपी बिश्नोई, उपखंड अधिकारी हनुमानगढ़ मांगीलाल, सहायक निदेशक लोकसेवाएं डॉ. दिव्या, आयुक्त नगरपरिषद् सुरेंद्र यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कलेक्ट्रेट कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन भीष्म कौशिक द्वारा किया गया।
