हनुमानगढ़। श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास की ओर से भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत श्री नीलकंठ धाम के लिए 70 श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था जंक्शन रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया। प्रस्थान से पूर्व मंदिर परिसर में पूजा, आरती एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। प्रन्यास के संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने बताया कि 13 से 15 फरवरी तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। पिछले 27 वर्षांे से निरंतर आयोजित हो रहे इस भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क प्रसाद वितरण, जल सेवा तथा विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और धार्मिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। समिति सदस्यों एवं शहरवासियों के सहयोग से यह सेवा कार्य निरंतर सफलतापूर्वक सम्पन्न हो रहा है। उप समिति अध्यक्ष राजकुमार नागपाल की अगुवाई में रवाना हुए इस जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र की खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना की। यात्रा से पूर्व सभी श्रद्धालुओं को आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई तथा सुरक्षित एवं अनुशासित यात्रा के निर्देश प्रदान किए गए। इस मौके पर प्रन्यास के सचिव चिमन मित्तल, महावीर शर्मा, सुरेंद्र गाडी, साहबराम करड़वाल, विजय भूतना, अनिल शर्मा, महेश लकेसर, वीरेंद्र गोयल, सुरेश कुमार, रोहिताश, श्रवण सहारण, कृष्ण गेदर, रामचंद्र बाघला, नरेश बाघला, सुनील चुघ, दीपक नारंग, ओम डोडा, बलराम जालप सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी श्रद्धालुओं के जत्थे क्रमश: रवाना किए जाएंगे।
