हनुमानगढ़। एक जनवरी से 31 जनवरी तक चल रहे सड़क सुरक्षा माह के तहत जिला पुलिस की ओर से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को टाउन स्थित यातायात शाखा परिसर में दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके साथ ही यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस जवानों की ओर से जागरूकता बाइक रैली भी निकाली गई।





कार्यक्रम में एडिशनल एसपी अरविन्द बिश्नोई व राज कंवर, डीएसपी मीनाक्षी चौधरी, एससीएसटी सीओ करण सिंह बराड़, समाजसेवी अमन संधू तथा यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से करीब एक सौ हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों को वितरित किए। हेलमेट वितरण के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे दुपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा चौपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें।


उन्होंने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट और सीट बेल्ट गंभीर चोटों से बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसी दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करना नागरिक का कर्तव्य है। घायल की फोटो या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की बजाय उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं।

गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले को केन्द्र सरकार की राहवीर योजना के तहत 25 हजार रुपए तथा राज्य सरकार की आयुष्मान जीवन रक्षक योजना के तहत 10 हजार रुपए का इनाम एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। इस मौके पर समाजसेवी अमन संधू ने कहा कि दुपहिया वाहन चालक हेलमेट की महत्ता को समझें और उसे वाहन पर टांगने की बजाय सिर पर पहनें। वहीं यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने कहा कि चाहे कोई वाहन चालक हो या पैदल यात्री, यातायात नियमों की पालना से न केवल स्वयं बल्कि अपने परिवार की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है।

