हनुमानगढ़। टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में स्थित विधिक सहायता केन्द्र के तत्वावधान में शुक्रवार को साइबर विधि एवं जागरूकता विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का तृतीय सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय साइबर अपराध एवं विधिक प्रावधान रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्थापित साइबर सेल के प्रभारी वाहेगुरु सिंह तथा विशिष्ट अतिथि साइबर विशेषज्ञ एवं सहायक प्रोग्रामर, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग डॉ. केन्द्र प्रताप रहे। अध्यक्षता विधिक सेवा केन्द्र के प्रभारी डॉ. बृजेश अग्रवाल ने की।


मुख्य अतिथि वाहेगुरु सिंह ने साइबर अपराधों की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान में अपराधी तकनीक का दुरुपयोग कर लोगों को आर्थिक एवं मानसिक क्षति पहुंचा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी के साथ वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नम्बर पर सूचना देकर राशि को समय रहते फ्रीज कराया जा सकता है। विशिष्ट अतिथि डॉ. केन्द्र प्रताप ने तकनीकी पहलुओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल और अनचाहे ओटीपी साझा करना बड़े खतरे को आमंत्रण देना है। डिजिटल हाइजीन अपनाकर लगभग 90 प्रतिशत साइबर हमलों से बचाव संभव है।

डॉ. बृजेश अग्रवाल ने कहा कि विधि के छात्र-छात्राओं की जिम्मेदारी दोगुनी है। उन्हें स्वयं जागरूक रहने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक साइबर कानूनों और अधिकारों की जानकारी पहुंचानी चाहिए। सहायक आचार्य डॉ. दिनेश खोथ ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की विभिन्न धाराओं की जानकारी देते हुए बताया कि डेटा चोरी, पहचान की चोरी एवं ऑनलाइन मानहानि जैसे अपराधों के लिए कड़े दंड का प्रावधान है।

क्रांति गिला ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निजी जानकारी साझा करते समय प्राइवेसी सेटिंग्स का विशेष ध्यान रखें और अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें। विधि प्रथम सेमेस्टर की छात्रा कविता डूडी ने कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें डिजिटल फुटप्रिंट के महत्व का ज्ञान हुआ तथा यह समझ आया कि एक छोटी सी लापरवाही कानूनी संकट उत्पन्न कर सकती है। तृतीय सेमेस्टर की छात्रा मोनाली सिंह ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के प्रमुख प्रावधानों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में डॉ. मोहम्मद इमरान, हरीश कुमार, निखिल सिगची, विकास चौधरी, नरेश कुमार, मीनाक्षी धूड़िया मौजूद रहे।
