
हनुमानगढ़। कृषि भूमि में सेमनाला की वजह से पैदा हुई सेम की समस्या का निराकरण करवाने व मुआवजा दिलवाने की मांग के संबंध में चौहिलांवाली के चक 21 एनडीआर निवासी भाई-बहन ने मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ताराचंद पुत्र देवकरण व मेनका पुत्री देवकरण जाट निवासी चक 21 एनडीआर, चौहिलांवाली ने बताया कि उनके परिवार के नाम से चक 21 एनडीआर में आठ बीघा कृषि भूमि है।

उनकी कृषि भूमि में वर्तमान में सेमनाला की वजह से सेम की समस्या उत्पन्न हो गई है। इससे कृषि भूमि में पिछले तीन साल से रबी-खरीफ की दोनों फसलें खराब हो चुकी हैं। राज्य सरकार की तरफ से कोई मुआवजा एवं सेम की समस्या के समाधान के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे उनकी कृषि भूमि बंजर हो जाने के कारण उनके परिवार में भूखमरी की समस्या उत्पन्न हो रही है। भाई-बहन ने मांग की कि सेम की समस्या का समाधान करवाकर उन्हें मुआवजा दिलवाया जाए।
