हनुमानगढ़। नगर परिषद कर्मचारियों का स्थानांतरण निरस्त करवाने की मांग के संबंध में एक शख्स ने मंगलवार को जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा को ज्ञापन सौंपा। निखिल जेदिया पुत्र रविशंकर जेदिया निवासी वार्ड 35, बरकत कॉलोनी, टाउन ने बताया कि उसने 26 दिसम्बर 2025 को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। उसके बाद उसने मुख्य बाजार में अपने सहकर्मियों के साथ मिलकर नववर्ष व लोहड़ी की शुभकामनाओं के बैनर लगाए। इसके बाद उन्होंने 6 जनवरी 2026 को भारतीय जनता पार्टी के सम्मान में एक जनसभा रखी। इसमें काफी लोग सम्मिलित हुए थे। इसी दौरान दोपहर को कुछ उपद्रवियों ने उनके कार्यक्रम को खराब करने के लिए अचानक ही ईंट तथा डण्डों से आम जनता व भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। इस कार्यक्रम से 1 दिन पूर्व ही उसके कुछ रिश्तेदार कर्मचारियों का नगर परिषद आयुक्त की ओर से स्थानांतरण किया जा चुका था। निखिल जेदिया ने मांग की कि उसके रिश्तेदारों का स्थानांतरण निरस्त करवाया जाए।
