हनुमानगढ़। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की संस्था आईसीएआई की हनुमानगढ़ शाखा की ओर से शनिवार को सीए सदस्यों के लिए ऑरेटरी (स्पीच) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता सीए मेंबर्स के लिए आयोजित पहला औपचारिक कार्यक्रम रहा, जिसे लेकर सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सीए सदस्यों ने हिस्सा लिया और अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी को 10 मिनट का समय दिया गया, जिसमें उन्होंने व्यावसायिक विषयों, सामाजिक जिम्मेदारियों, नेतृत्व कौशल और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की बदलती भूमिका जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने आत्मविश्वास, स्पष्टता और विषय की गहराई के साथ अपनी बात रखी, जिससे श्रोताओं और निर्णायकों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा। निर्णायक मंडल के निर्णय के अनुसार ऑरेटरी प्रतियोगिता में यश मित्तल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। उनकी प्रस्तुति को विषयवस्तु, प्रस्तुतीकरण और प्रभावशीलता के आधार पर सर्वश्रेष्ठ माना गया। राहुल यादव को प्रथम उपविजेता (फर्स्ट रनर अप) तथा साहिल गोयल को द्वितीय उपविजेता (सेकंड रनर अप) घोषित किया गया। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया। इसके अलावा प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले अन्य सीए सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। इनमें निकेत हिसारिया, रमेश कुमार और निशांत चुग शामिल रहे। शाखा की ओर से यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक प्रतिभागी अपने आप में विजेता है, क्योंकि मंच पर आकर विचार साझा करना ही आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है। शाखा अध्यक्ष ललित कुमार ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं सीए सदस्यों के व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और आपसी जुड़ाव को मजबूत करती हैं। उपाध्यक्ष हर्ष जिंदल, सेक्रेटरी कमल जैन, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार, सिकासा चेयरमैन रमन गर्ग तथा कार्यकारी सदस्य यश मित्तल ने भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
