हनुमानगढ़। श्री सनातन धर्म महावीर दल न्यास एवं सहयोग शक्ति फाउण्डेशन के सहयोग से फोर्टिस एस्कार्ट्स हॉस्पिटल जयपुर की ओर से रविवार को जंक्शन में स्वास्थ्य परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी अहम जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवानिवृत आईजी गिरीश चावला, अति विशिष्ट अतिथि अधिवक्ता प्रताप सिंह शेखावत, विजय गोयल, रमेश शर्मा तथा केशव ननकानी रहे। अध्यक्षता बाबा जग्गा सिंह ने की। कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्डियक सर्जन डॉ. राकेश चित्तौड़ा ने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, अनियमित खान-पान और फास्ट फूड के अत्यधिक सेवन से मोटापा बढ़ रहा है, जो हृदय रोग और हार्ट अटैक का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। उन्होंने नियमित व्यायाम, सुबह टहलने तथा धूम्रपान से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही पसीना आना, घबराहट होना या सीढ़ियां चढ़ते समय सांस फूलना जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की बात कही। न्यूरोसर्जन डॉ. संकल्प भारतीय ने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार में सीट बेल्ट का प्रयोग आवश्यक है।

उन्होंने लंबे समय तक लगातार बैठकर काम करने को कमर दर्द का प्रमुख कारण बताया और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र शर्मा ने कहा कि कैंसर के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है, लेकिन समय पर जांच और इलाज से इसे ठीक किया जा सकता है। शरीर में गांठ, मुंह में लंबे समय तक न ठीक होने वाला सफेद या लाल छाला जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फास्ट फूड से दूरी बनाने पर जोर दिया। इस मौके पर निशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। हृदय रोग विशेषज्ञों ने लगभग 50 मरीजों, न्यूरोसर्जन ने करीब 60 मरीजों, वैस्कुलर एवं इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट डॉ. मनीष राजपूत ने लगभग 35 मरीजों तथा कैंसर विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र शर्मा ने करीब 65 मरीजों को निशुल्क परामर्श प्रदान किया। साथ ही शुगर, बीपी और अन्य स्वास्थ्य जांच भी मुफ्त की गई। स्वामी विवेकानंद नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग दिया। इस मौके पर फोर्टिस एस्कार्ट्स हॉस्पिटल की ओर से रमनदीप सिंह व घनश्याम सैनी, रमेश मुटनेजा, प्रेरणा पाहुजा, ज्योति, दीक्षा, नेहा, चहक कर्मचंदानी, सुषमा, रेणु पूर्वा, प्रेमरतन पारीक, प्रहलाद गुप्ता और गुलशन कुमार मौजूद रहे।
