हनुमानगढ़। भाजपा नेता संजय शर्मा ने हनुमानगढ़ में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ हनुमानगढ़ को राइस बेल्ट बनाने की घोषणा करने की मांग की है। उन्होंने इन दोनों मुख्य मांगों सहित आठ सूत्री मांगों को आगामी बजट घोषणा में शामिल करने की मांग की है। इस संबंध में संजय शर्मा ने मंगलवार को जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा को लिखित में सुझाव सौंपे। संजय शर्मा ने भारत का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले राजस्थान के सबसे पुराने किले ऐतिहासिक धरोहर भटनेर दुर्ग को राष्ट्रीय पर्यटन स्थल बनाते हुए इसके लिए जीर्णाेद्धार के लिए बजट जारी करने, ऐतिहासिक भद्रकाली मंदिर का मास्टर प्लान बनाकर उसे विकसित करने, हनुमानगढ़ में हवाई अड्डा बनाने के लिए केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजकर हवाई सेवा की घोषणा करवाने, जिला उपभोक्ता न्यायालय भवन को जिला न्यायालय में पुराने पारिवारिक न्यायालय भवन में स्थानांतरित करने, किशोर न्याय बोर्ड का कार्यालय जिला कलक्ट्रेट परिसर में स्थानांतरित करने, कॉमर्शियल कोर्ट व एंटी क्रप्शन कोर्ट से सम्बन्धित मामलों के लिए हनुमानगढ़ में कोर्ट खोलने की मांग को प्रमुखता से बजट में शामिल करने की मांग की।
