हनुमानगढ़। जंक्शन के सरस्वती कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को लोहड़ी का पर्व पारंपरिक तरीके से मनाया गया। प्राचार्य डॉ. श्याम सुंदर शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में लोहड़ी पूजन के लिए कॉलेज के मैदान में अग्नि जलाकर उसकी परिक्रमा करते हुए रेवड़ी एवं मूंगफली की आहुति दी गई। इसके पश्चात सभी को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर छात्राओं ने लोहड़ी पर्व पर आधारित पंजाबी लोकगीत व नृत्य की प्रस्तुति दी। प्राचार्य डॉ. श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि लोहड़ी आपसी प्रेम एवं भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के प्रमुख त्योहारों में से एक है। यह कृषि पर्व है और प्रकृति में होने वाले परिवर्तनों को भी दर्शाता है। जिस तरह प्रकृति में परिवर्तन आना स्वाभाविकता है वैसे ही हमें भी अपने जीवन में समय-समय पर सकारात्मक परिवर्तन करते रहना चाहिए। इस मौके पर सुरेश चाहर, कृष्ण चाहर व मैनपाल स्वामी सहित अन्य स्टाफ व छात्राएं मौजूद रहीं।
