हनुमानगढ़: गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल में आज सोमवार को अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक ओरिएंटेशन प्रोग्राम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूल, अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच सशक्त सहभागिता को बढ़ाना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा तय करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसमें विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों की उपस्थिति को स्कूल की सफलता की सबसे मजबूत नींव बताया। इस अवसर पर विद्यालय और अभिभावकों के बीच साझेदारी, विश्वास और उद्देश्य को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन समारोह आयोजित किया गया, जिसे ज्ञान, पवित्रता और शुभारंभ का प्रतीक बताया गया। दीप प्रज्वलन के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस गरिमामय अवसर पर विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। परमवीर चक्र से सम्मानित, कारगिल युद्ध के नायक एवं विद्यालय के चीफ मेंटर और डायरेक्टर (आउटरीच प्रोग्राम) कैप्टन योगेंद्र यादव का विद्यालय परिवार ने भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। अपने प्रेरक संबोधन में कैप्टन योगेंद्र यादव ने अनुशासन, सही आदतों और दृढ़ संकल्प के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देशभक्ति और साहस के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दूसरे प्रमुख वक्ता रहे डॉ. विनय गुप्ता, मॉनिटरिंग एवं इवैल्यूएशन ऑफिसर, मनोचिकित्सा विभाग, राजकीय अस्पताल, कैथल। उन्होंने बच्चों में बढ़ती सोशल मीडिया की लत पर विस्तार से प्रकाश डाला और मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन तथा जागरूकता के महत्व को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने बताया कि स्वस्थ मन ही एक सशक्त समाज की नींव होता है। अपने संबोधन में गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर दिनेश जुनेजा ने सभी अभिभावकों, अतिथियों एवं विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करना है।
उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे विद्यालय के साथ निरंतर संवाद और सहयोग बनाए रखें, क्योंकि बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब स्कूल और अभिभावक एकजुट होकर कार्य करें। जुनेजा ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशिक्षित स्टाफ, सुरक्षित वातावरण और सैनिक स्कूल की परंपराओं पर आधारित शिक्षा प्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां विद्यार्थियों को भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और सशक्त नेता के रूप में तैयार किया जाता है। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, अनुशासन का पालन करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का धन्यवाद किया।
