हनुमानगढ़। टाउन स्थित सेठ राधा किशन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत दस दिवसीय ऑन जब ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। शिविर में ट्रेड आईटी/आईटीईएस तथा ब्यूटी एंड वैलनेस में कक्षा 11 व 12 की छात्राओं ने हिस्सा लिया। शिविर का आयोजन कौशल मित्र व्याख्याता सुमन रानी के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान छात्राओं ने विभिन्न जानकारियां, व्यावहारिक कार्य एवं गतिविधियां सीखीं। प्रतिदिन का दैनिक प्रतिवेदन भी तैयार किया। इससे छात्राओं में आत्मनिर्भरता, कार्यकुशलता एवं व्यवसायिक समझ का विकास हुआ। ट्रेड ट्रेड आईटी/आईटीईएस की छात्राओं ने श्री गुरु नानक कंप्यूटर सेंटर में व्यावहारिक ज्ञान के साथ-साथ आज के तकनीकी युग में कंप्यूटर तथा उसके उपकरणों को जोड़कर विभिन्न गतिविधियों को संचालित करने का ज्ञान प्राप्त किया। ट्रेड ब्यूटी एंड वैलनेस की छात्राओं ने ग्लैम सैलून एंड अकेडमी में स्किन केयर, हेयर, मेकअप एंड ब्यूटी टिप्स के बारे में ज्ञान प्राप्त किया। ट्रेड ब्यूटी की छात्राओं ने शिविर के दौरान शानदार प्रदर्शन किया तो छात्रा विनोद बाला पुत्री ओमप्रकाश, आईशा पुत्री मोहम्मद आमीन, संजना पुत्री दीपक, नेहा पुत्री शंभूदास, राजनंदनी पुत्री सुशील साहनी व राधिका पुत्री रामप्रीत दास को 1 साल के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण देने के लिए चयनित किया गया। प्रधानाचार्य अनीता शर्मा ने छात्राओं को विद्यालय में संचालित ट्रेड के माध्यम से अपने जीवन को तकनीकी ज्ञान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। व्यावसायिक प्रशिक्षक रोहिणी व ममता वर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को नए-नए कौशल सीखने के लिए मार्गदर्शन दिया।
