हनुमानगढ़। ग्रामीण क्षेत्र में लगी हुई आरा मशीनों के लाइसेंस नवीनीकरण के संबंध में आरा मशीन संचालकों ने मंगलवार को जिला प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपा। समिति अध्यक्ष चिमनलाल मित्तल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगी हुई आरा मशीनों का नवीनीकरण वन विभाग की ओर से नहीं किया जा रहा। इसके पीछे का कारण आरा मशीनों के वन क्षेत्र के 10 किमी की परिधि में होना बताया जा रहा है। जबकि वर्ष 1991 से लाइसेंस चल रहे हैं। तब से आरा मशीनें वन क्षेत्र की सीमा में चल रही थीं। अब वन विभाग की ओर से नियमों का हवाला देकर लाइसेंस नवीनीकरण करने से इन्कार किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि वन विभाग को आदेशित किया जाए कि वे ग्रामीण क्षेत्र में संचालित की जा रही आरा मशीनों के लाइसेंस का नवीनीकरण तुरन्त प्रभाव से करे।
