हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र के गांव झांबर, गुरुसर व नौरंगदेसर रोही में बुधवार-गुरुवार मध्यरात्रि को हुई तीन शराब दुकानों में पिस्तौल दिखाकर नकदी और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर व शराब की बोतल लूटकर ले जाने के मामले में वारदात के तीन दिन बाद भी पुलिस चोरों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इससे शराब ठेकेदार यूनियन में रोष है। यूनियन ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्यवाही की मांग की है।

हालांकि पुलिस की ओर से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अज्ञात चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। खोजीराम ने बताया कि गुरुसर शराब ठेका पर 14 जनवरी की रात्रि को पौने दो बजे के करीब तीन लोग आए और सेल्समैन से शराब देने को कहा। सेल्समैन ने शराब नहीं दी तो पैसे मांगे। पैसे नहीं देने पर पिस्तौल व लोहे की रॉड दिखाते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। शराब की बोतलें तोड़ दीं। तोड़फोड़ करने के बाद सेल्समैन के साथ हाथापाई की। नकदी आदि चोरी कर ली। सेल्समैन ने परिचितों को इसकी सूचना दी तो अज्ञात जने वहां से भाग गए।

उन्होंने बताया कि विशेषकर इस रात में तीन शराब ठेकों को निशाना बनाकर इस तरह की वारदात की गई। लेकिन अभी तक तीसरे दिन भी पुलिस की ओर से संतोषजनक कार्यवाही नहीं की गई। उन्होंने संभावना जताई कि इस तरह की वारदात नशेड़ी प्रवृत्ति के लोगों की ओर से की गई है। क्योंकि उन्हें पता होता है कि सेल्समैन के पास शराब बिक्री के रुपए होते हैं। उन्होंने मांग की कि रात्रि को पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही इस वारदात को अंजाम देने वालों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
