ऐलनाबाद। नशा स्वस्थ समाज के लिए एक अभिशाप है,जोकि एक गंभीर चिंता का विषय है,इसलिए समाज को पूरी तरह से नशा मुक्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को दृड़ संकल्प लेंना होगा तभी हम सिरसा को पूर्ण रुप से नशा मुक्त कर पाएंगे । उक्त विचार एसपी दीपक सहारन ने सरस्वती सेवा समिति रामलीला ग्राऊंड नहरू पार्क सिरसा में बतौर मुख्य अतिथि पंहुचने उपरांत व्यक्त किए । उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह प्रण लेना होगा कि न तो व स्वयं नशा करेगा और न ही अपने आस-पास के लोगों को नशा करने देगा । एसपी दीपक सहारन ने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा खेलों में लगाएं तथा बेहतर प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपने मां-बाप तथा इलाके का नाम रोशन करें । नशे के खिलाफ चलाए जा रही मुहिम में आमजन आगे आकर अग्रणी भूमिका निभाए तथा और अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि नशा को समाज से पूरी तरह से नष्ट किया जा सके । जब समाज का प्रत्येक नागरिक अपनी गली,मोहल्ले तथा गांव की संपूर्ण जिम्मेवारी लेगा तभी हम इस मुहिम में पूरी तरह से कामयाब होंगे । सिरसा पुलिस की मुहिम से प्रभावित होकर नशा छोड़ चुके चार योद्धाओं को पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने सम्मानित किया।

एसपी दीपक सहारन ने कहा कि नशे के दल-दल में फस कर नशे से तौबा करना काफी जटिल होता है,लेकिन इन योद्धाओं ने दृढ इच्छाशक्ति से नशे पर पूर्ण रूप से काबू पाकर समाज में साकारात्मक संदेश दिया है, इसलिए ये योद्धाओं समाज के असली हीरो है,जिन्होंने समाज में युवाओं को नशा न करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल किसी एक व्यक्ति या परिवार की समस्या नहीं है,बल्कि यह पूरे समाज को प्रभावित करने वाली गंभीर चुनौती है। नशे की गिरफ्त में आया युवा न केवल अपना भविष्य बर्बाद करता है, बल्कि अपने परिवार और समाज के लिए भी पीड़ा का कारण बनता है। इन योद्धाओं ने नशे को छोड़कर जीवन की नई शुरुआत की है। ये युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और इनके अनुभव अन्य युवाओं को सही मार्ग दिखाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि नशा छोड़ चुके युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि नशे से बाहर आना आसान नहीं होता,इसके लिए मजबूत इच्छाशक्ति व समाज व परिवार का सहयोग अति आवश्यक होता है। पुलिस का उद्देश्य केवल कानूनी कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें सकारात्मक दिशा देना भी है। इसी सोच के तहत सिरसा जिले में नशा मुक्ति अभियान को निरंतर गति दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है,और नशे के आदि युवाओं की काउंसलिंग करवाकर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से दवाई दिलाकर उनका उपचार करवाया जा रहा है। नशे से ग्रस्त व्यक्ति को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए सिरसा पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। इस अवसर पर बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे पर करारी चोट करते हुए नशे जैसी सामाजिक बीमारी को जड़ मूल से खत्म करने की अपील की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सामाजिक तथा धार्मिक संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा। एसपी दीपक सहारन ने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि आपके आस-पास कोई व्यक्ति नशा बेचता है, या गैरकानूनी धंधा करता है तो,ऐसे लोगों की सूचना पुलिस प्रशासन को बिना किसी देरी के मोबाइल नंबर 88140-56100 पर दें ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि आमजन व युवाओं के प्रयास से सिरसा में नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर पांव नही पसारने दिए जाएंगे । नशा तस्कर कहीं भी छिप जाए सिरसा पुलिस उसे ढुंढ निकालेगी और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। इस अवसर पर बतौर विशिष्ट अतिथि के रुप में पंहुची जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता सांई ने भी अपने वक्तव्य में उपस्थित लोगों से कहा कि नशा करने वाला व्यक्ति अपने परिवार पर बोझ होता है,इसलिए अभिभावक अपने बच्चों पर निगरानी रखें और गलत संगत का शिकार होने से बचाएं।
