ऐलनाबाद। 77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को स्थानीय राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में उपमंडल स्तरीय समारोह का धूमधाम से आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि हिसार नगर निगम मेयर प्रवीण पोपली ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह में मुख्यअतिथि ने स्वतंत्रता सेनानी व शहीदों के परिजनों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया। हिसार नगर निगम मेयर प्रवीण पोपली ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है।

इसका श्रेय हमारे उन राजनेताओं, कर्मठ किसान-मजदूरों, कारीगरों तथा वैज्ञानिकों को जाता है जिन्होंने दिन-रात एक करके इस देश को विकास की गति प्रदान की। देश की प्रगति के इस सफर में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान है। मुझे यह कहते हुए गर्व है कि हरियाणा ने भी प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास को नए आयाम प्रदान किये हैं। स्वतन्त्रता आन्दोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले हरियाणा वासियों की याद में अंबाला में स्वतंत्रता संग्राम स्मारक बनकर तैयार हो गया है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में भी हमने नई ऊँचाइयों को छुआ है। हमारी कितनी ही नीतियों और योजनाओं का देश के दूसरे राज्य अनुसरण कर रहे हैं। समारोह में पुलिस टुकड़ी, एनसीसी जीवन नगर, एनसीसी सतलुज पब्लिक स्कूल, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऐलनाबाद, एचसीएस, सर छोटू राम जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धोलपालिया, सर्वोदय शिक्षा सदन, डिफेंस पब्लिक स्कूल, सीआरडीएवी कॉलेज, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नचिकेतन पब्लिक व सतलुज पब्लिक सहित विभिन्न स्कूलों और विभागों ने परेड, मार्च पास्ट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

समारोह में उपमंडल के स्कूली विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर प्रतिभा दिखाई तथा विभागों ने झांकियों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई। इस मौके पर एसडीएम पारस भागोरिया, एएसपी फैसल खान, मार्केट कमेटी चेयरमैन भगवान सिंह, तहसीलदार ऐलनाबाद रविन्द्र सिह, तहसीलदार रानिया शुभम शर्मा, मार्केट कमेटी सचिव सुरेंद्र सैन, बलराज बाना, सचिव नगर पालिका रविंद्र सिंह, अमीरचंद मेहता, नरेश कटारिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
