हनुमानगढ़। मणिपुर में आयोजित 69वीं नेशनल वूशु चैंपियनशिप में हनुमानगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ी करमवीर ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। जंक्शन स्थित इंदिरा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र करमवीर की इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे हनुमानगढ़ जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में करमवीर ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर देशभर से आए मजबूत खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी यह उपलब्धि उभरते हुए युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर सामने आई है। करमवीर की इस शानदार जीत पर इंदिरा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य रमेश सैन एवं डायरेक्टर दयाराम सैन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ी करमवीर और उनके कोच शंकर सिंह नरूका को बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य रमेश सैन ने कहा कि करमवीर की सफलता उसकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और कोच शंकर सिंह नरूका के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि करमवीर ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और सतत अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। डायरेक्टर दयाराम सैन ने बताया कि करमवीर की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे हनुमानगढ़ जिले का मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। इस मौके पर विद्यालय प्रशासन एवं स्टाफ ने भी खुशी व्यक्त करते हुए करमवीर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आशा जताई कि वह आगे भी इसी प्रकार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
