हनुमानगढ़। आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव के मार्गदर्शन में शुरू की जा रही कलेक्टर क्लास को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज (एनएमपीजी) में कलेक्टर क्लास के लिए चयन प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। चयनित विद्यार्थियों के लिए सोमवार, 9 फरवरी, 2026 से दोपहर 3 बजे से एनएमपीजी कॉलेज में नियमित कक्षाओं की शुरुआत होगी। विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग के साथ-साथ निःशुल्क लाइब्रेरी सुविधा भी प्रदान की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को सोमवार को आधार कार्ड अथवा किसी वैध फोटो पहचान पत्र तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

– 6–7 माह में पूरा होगा सिलेबस
जिला प्रशासन द्वारा विशेषज्ञों के सहयोग से ऐसा सिलेबस तैयार किया गया है, जो आरएएस, पटवार, रीट, एलडीसी, समान पात्रता परीक्षा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं और कॉलेज विद्यार्थियों के फाउंडेशन कोर्स के लिए उपयोगी होगा। कोर्स को करीब 850 से 900 घंटे में कोर्स पूरा कराया जाएगा। सामान्य दिनों में प्रतिदिन औसतन 2.5 घंटे, जबकि अवकाश के दिनों में 7.5 घंटे तक कक्षाएं लगेगी। इस तरह 6 से 7 महीने में पूरा कोर्स कराया जाएगा।
-अनुभवी शिक्षक देंगे मार्गदर्शन
कलेक्टर क्लास में जिले के अनुभवी सरकारी शिक्षक और कॉलेज प्राध्यापक स्वयंसेवक के रूप में पढ़ाएंगे। इसके साथ ही जिला कलेक्टर, एसपी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी समय-समय पर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन कक्षाएं लेंगे।
