हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड के रीको स्थित खरीद केन्द्र परिसर में गुरुवार को 500 मैट्रिक टन क्षमता के गोदाम की नींव रखी गई। समिति अध्यक्ष प्रेम गोदारा व भाजपा नेता अमित सहू ने विधिवत भूमि पूजन कर गोदाम की नींव रखी। इस गोदाम का निर्माण 25 लाख रुपए की लागत से अनुमानित है। गोदाम निर्माण से खाद भण्डारण की समस्या काफी हद तक दूर होने की बात कही जा रही है। इस मौके पर भाजपा नेता अमित चौधरी ने कहा कि हनुमानगढ़ क्रय-विक्रय सहकारी समिति का क्षेत्राधिकार काफी बड़ा है।

उनका प्रयास है कि बड़े गोदाम भी समिति के इस परिसर में बनें ताकि समिति के माध्यम से जिन कृषि जिन्सों की सरकारी खरीद होती है, उनके भण्डारण में कोई समस्या न आए। इससे किसानों को भी राहत मिलेगी और समिति की आमदनी भी बढ़ेगी। समिति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह प्रयास है। इसी प्रयास के तहत इस गोदाम की शुरुआत की गई है। समिति अध्यक्ष प्रेम गोदारा ने कहा कि समिति का प्रयास है कि किसान की ओर से बेचे जाने वाली कृषि जिन्स के भण्डारण के लिए बेहतर व्यवस्था हो। समिति का प्रयास रहेगा कि इस केन्द्र को आदर्श केन्द्र के रूप में स्थापित किया जाए ताकि जिले में सहकारिता अपने सपनों को साकार कर सके। प्रेम गोदारा ने बताया कि सरकार की ओर से बजट पूर्व सुझाव मांगे गए हैं।

उन्होंने जिला प्रभारी मंत्री को लिखित सुझाव दिया था कि 100 गुणा 300 फीट का एक शेड किसानों को क्रय-विक्रय सहकारी समिति परिसर में उपलब्ध करवाया जाए ताकि समर्थन मूल्य पर जिन्सों की सरकारी खरीद के समय विपरीत मौसम में किसानों को समस्याओं का सामना न करना पड़े। साथ ही पांच हजार मैट्रिक टन क्षमता के गोदाम की आवश्यकता से प्रभारी मंत्री को अवगत करवाया गया ताकि समिति की ओर से किसान से खरीद किए जाने वाले अनाज का भण्डारण अपने स्तर पर किया जा सके। इससे समिति की आय भी बढ़ेगी और राजफैड का परिवहन का खर्च भी बचेगा।

किसानों को भविष्य में बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि किसानों को सहकारिता से जोड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। समिति का प्रयास है कि वास्तविक रूप से किसान को सरकारी खरीद का लाभ मिल सके। उसे खरीद केन्द्र पर कोई असुविधा न हो और उसे समय पर भुगतान हो सके।
