हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड अध्यक्ष प्रेम गोदारा ने बजट घोषणा में सहकारी क्षेत्र को लाभान्वित करने की मांग की है। इस संबंध में गोदारा ने मंगलवार को जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा को ज्ञापन सौंपा। प्रेम गोदारा ने बताया कि जिला मुख्यालय पर हनुमानगढ़ क्रय-विक्रय सहकारी समिति स्थित है। समिति के पास रीको क्षेत्र में लगभग 4 एकड़ जगह का मालिकाना हक है। जहां पर छह हजार मैट्रिक टन खाद भंडारण के गोदाम की अति आवश्यकता है। समर्थन मूल्य पर जिन्सों की सरकारी खरीद के समय विपरीत मौसम में किसानों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जगह की उपलब्धता को देखते हुए 100 गुणा 300 फीट का एक शेड किसानों को क्रय-विक्रय सहकारी समिति परिसर में उपलब्ध करवा दिया जाए तो इलाके का अन्नदाता सरकार का ऋणी रहेगा।

गोदाम व शेड के लिए पर्याप्त जगह मण्डी के नजदीक ही सहकारी समिति के पास उपलब्ध है। इन दोनों मुख्य घोषणाओं की उम्मीद इलाके का किसान जनहित में सरकार से कर रहा है। प्रेम गोदारा ने बताया कि पंजाब व हरियाणा में सहकारी क्षेत्र की संस्थाओं को रासायनिक खाद उपलब्ध करवाते समय उनके भुगतान की गारंटी वहां की राज्य सरकारें ले रही हैं। उसी तर्ज पर राजस्थान में भी सहकारी क्षेत्र की क्रय-विक्रय सहकारी समिति व ग्राम सेवा सहकारी समिति को खाद की आपूर्ति के भुगतान की गारंटी राज्य सरकार ले ताकि सहकारी क्षेत्र के व्यापार को बढ़ावा मिल सके तथा किसानों को समय पर रासायनिक खाद उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि कृभको व इफको सहकारी क्षेत्र की संस्थाएं होते हुए भी प्राइवेट सेक्टर को खाद उपलब्ध करवा रही हैं। इससे किसान की खाद की प्राइवेट सेक्टर के व्यापारी कालाबाजारी कर किसान की ही जेब काट रहे हैं। इन संस्थाओं को पूर्ण रूप से सहकारी क्षेत्र में ही खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करवाने के लिए पाबंद किया जाए।
