ऐलनाबाद। समीपवर्ती गांव संतनगर हॉकी की नर्सरी के तौर पर पूरी दुनिया में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है वहीं इस गांव के मास्टर खिलाड़ी भी पीछे नही है। राजस्थान के अजमेर में गत 30 जनवरी से 2 फरवरी तक आयोजित हुई 7वीं नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में गांव संतनगर के मास्टर खिलाड़ियों ने भाग लेते हुए अनेकों मेडल अपने नाम किए। इस चैंपियनशिप में देश के सभी राज्यों के सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया। टूर्नामेंट में हरियाणा की तरफ से गांव संतनगर निवासी मास्टर खिलाड़ी हरजिंदर सिंह भंगु ने 70 वर्ष की आयु में हैमर थ्रो में भाग लिया और स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। आत्मा राम सेठी ने 65 प्लस आयु वर्ग में ट्रिपल जंप में हिस्सा लेकर सिल्वर मैडल जीता। सोहन सिंह चहल 50 प्लस आयु वर्ग में हैमर थ्रो में भाग लेकर दूसरे स्थान पर रहे। इसी प्रकार भीम सिंह ने 40 प्लस आयु वर्ग में खेलते हुए हैमर थ्रो फेंक.कर गोल्ड जीतकर सिरसा जिले और अपने गांव संतनगर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी यह ख़िलाड़ी देश के भिन्न-भिन्न हिस्सों में होने वाली नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेकर व बहुत से मेडल जीतकर अपने इलाके के युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बने हुए है। आज गांव पहुंचने पर सभी मास्टर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर मास्टर खिलाड़ी हरजिंदर सिंह भंगू ने कहा कि खेलों के साथ जुड़कर मनुष्य हर आयू में अपने शरीर को स्वस्थ रख सकता है, इसलिए लोगों को अपने बच्चों को शुरू से ही खेलों मैं भाग लेने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
