हनुमानगढ़। अखिल भारतीय महिला अग्रवाल सम्मेलन की ओर से बुधवार को टाउन गवर्नमेंट हॉस्पिटल के समीप जरूरतमंदों एवं मरीजों के परिजनों के लिए लंगर सेवा का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में उपचाररत मरीजों के साथ आए परिजनों एवं आसपास के जरूरतमंदों को सहयोग प्रदान करना रहा। इस सेवा कार्य का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अधिवक्ता मिताली अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि सेवा हमारा मूल संस्कार है। जरूरतमंदों की सहायता करना ही हमारी सबसे बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। समाज के हर वर्ग के लिए कार्य करना ही संगठन का उद्देश्य है। संगठन मंत्री प्रीति गुप्ता ने कहा कि लंगर सेवा मानवता के प्रति हमारी निष्ठा और समाजहित के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। अखिल भारतीय महिला अग्रवाल सम्मेलन भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा। लंगर सेवा के दौरान उपस्थित मरीजों के परिजनों और जरूरतमंदों ने सम्मेलन की इस जनसेवा पहल की सराहना की और संगठन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सम्मेलन की उपाध्यक्ष डॉ. शिवानी गर्ग, प्रचार मंत्री निशा मित्तल, कार्यसमिति सदस्य रेणु गर्ग, वनिता गोयल, शिमला गुप्ता एवं सीमा गुप्ता ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी सदस्यों ने स्वयं भोजन परोसते हुए सेवा भावना का परिचय दिया।
