हनुमानगढ़। मकर संक्रांति के मौके पर रोटरी क्लब हनुमानगढ़ सेंट्रल के सदस्यों ने बुधवार को जंक्शन स्थित गोशाला में गोमाता को गुड़ खिलाया। इस सेवा कार्य में क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हिस्सा लेकर गोसेवा के महत्व को समाज के सामने प्रस्तुत किया। क्लब अध्यक्ष डॉ. बीके चावला ने कहा कि मकर संक्रांति का पर्व दान, पुण्य और सेवा का प्रतीक है। इस दिन गोमाता को गुड़ एवं चारा खिलाने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा समाज में करुणा और सहयोग की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब सदैव समाजसेवा के कार्यांे में अग्रणी रहा है। भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे। सचिव बलजिन्द्र सिंह ने बताया कि मकर संक्रांति के मौके पर गोशाला में गोवंश को गुड़ खिलाना, क्लब की वार्षिक सेवा गतिविधियों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति में पूजनीय हैं और उनकी सेवा करना हम सभी का दायित्व है। प्रोजेक्ट चेयरमैन नरेश गर्ग ने बताया कि इस सेवा कार्य में क्लब सदस्यों के साथ-साथ गोशाला प्रबंधन का भी सहयोग प्राप्त हुआ। गोशाला प्रबंधन के भीष्म कौशिक ने क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से गोशालाओं को संबल मिलता है और समाज में सेवा भावना को प्रोत्साहन मिलता है। इस मौके पर रमेश गर्ग, हेमंत गोयल, हरपाल राय, सुरेश गुप्ता, डॉ. पीसी बंसल, कमल जैन मौजूद थे।
