हनुमानगढ़। राजस्थान सरकार की संवेदनशील पहल “मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना” पीड़ित कृषक परिवारों के लिए संकट की घड़ी में सहारा बन रही है। इसी का सजीव उदाहरण शुक्रवार को ग्राम उत्थान शिविर पंचायत समिति सभागार, हनुमानगढ़ टाउन में देखने को मिला। भोमपुरा स्थित 16 एजी के वार्ड नंबर 05 निवासी बिरमा देवी पत्नी स्वर्गीय श्री रामजीलाल के प्रकरण में योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि 22 अगस्त, 2024 को रामजीलाल की खेत में कार्य के दौरान पानी की डिग्गी में गिरने से डूबकर मृत्यु हो गई थी।

यह हादसा चक 17 एजी भोमपुरा में ग्वार की फसल पर स्प्रे करते समय हुआ। पति की आकस्मिक मृत्यु के बाद बिरमा देवी ने कृषि उपज मंडी समिति, हनुमानगढ़ टाउन की विशिष्ट श्रेणी में सहायता के लिए आवेदन किया। मंडी समिति द्वारा जांच उपरांत प्रकरण को योजना के बिंदु संख्या 2(3) के अंतर्गत पात्र मानते हुए सहायता स्वीकृत की गई। ग्राम उत्थान शिविर में मंडी समिति सचिव सी.एल. वर्मा, अतिरिक्त सचिव सुमित कुमार, विकास अधिकारी रामेश्वर वर्मा, उप तहसीलदार नौरंगदेसर भावना शर्मा सहित अधिकारियों की मौजूदगी में बिरमा देवी को 2 लाख रुपए का चैक प्रारूप सौंपा गया। साथ ही मौके पर ही यह राशि ऑनलाइन उनके बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी गई। सहायता राशि प्राप्त होने पर बिरमा देवी की आंखों में राहत और चेहरे पर संतोष साफ झलका। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहयोग से परिवार को कठिन समय में संबल मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
