हनुमानगढ़। समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से सहयोग शक्ति फाउंडेशन की ओर से आगामी 1 फरवरी को एक दिवसीय भव्य फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन टाउन की अल्फा सिटी में सुबह 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में आमजन के लिए प्रवेश पूर्णतः नि:शुल्क रखा गया है। फाउंडेशन की प्रेरणा पाहुजा ने जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं ने मिलकर एक चैरिटी ग्रुप का गठन किया है, जिसका मुख्य उद्देश्य सामाजिक सरोकारों से जुड़कर जरूरतमंदों की मदद करना है।

उन्होंने बताया कि गत वर्ष करवा चौथ पर आयोजित कार्यक्रम से प्राप्त राशि को चैरिटी में लगाया गया था और उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अब भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन किए जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में युवा वर्ग फैशन की ओर तेजी से आकर्षित हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए फैशन शो का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें ड्रेसेज, बुटीक एवं पार्लर संचालकों को अपने व्यवसाय का प्रमोशन करने का अवसर दिया जाएगा। इस माध्यम से जुटाई गई राशि से आयोजन के खर्चे निकालने के बाद शेष धनराशि जरूरतमंदों की सहायता में खर्च की जाएगी।

आयोजन के दौरान 50 से अधिक स्टॉल्स लगाई जाएंगी, जहां विभिन्न उत्पादों की बिक्री और शॉपिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। स्टेज पर पार्लर और बुटीक संचालक अपने कार्य का प्रमोशन कर सकेंगे। इसके साथ ही घरेलू महिलाओं और बच्चों को भी मंच प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। फैशन शो की खास थीम “दादी से पोती तक” रखी गई है, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग की महिलाएं रैंप पर नजर आएंगी।

ज्योति कामरा ने बताया कि सहयोग शक्ति फाउंडेशन का गठन विशेष रूप से जरूरतमंदों की मदद के उद्देश्य से किया गया है। पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों से एकत्रित राशि से जरूरतमंद परिवारों के स्कूल में अध्ययनरत बच्चों को जूते और मोजे वितरित किए गए थे। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी किसी भी आयोजन से प्राप्त फंड को चैरिटी एवं महिला सशक्तिकरण के कार्यों में ही उपयोग किया जाएगा, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें। सुषमा वर्मा ने बताया कि फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य उन उद्यमी महिलाओं को आगे लाना है, जो घर से कार्य करती हैं लेकिन उनका हुनर सामने नहीं आ पाता।

फैशन शो के साथ-साथ मॉडलिंग, हेयर स्टाइलिंग और डांस की आकर्षक प्रस्तुतियां भी स्टेज पर होंगी। उन्होंने अपील की कि जो महिलाएं कुछ नया करना चाहती हैं और अपने सपनों को साकार करना चाहती हैं, वे सहयोग शक्ति फाउंडेशन से जुड़कर आगे आएं। इस अवसर पर नेहा शर्मा, दीक्षा पाहुजा, पूर्वा पाहुजा, सांची पाहुजा, चहक गांधी, नेहा गर्ग सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
