हनुमानगढ़। अखिल भारतीय महिला अग्रवाल सम्मेलन ने सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए गुरुवार को जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से 31 कंबल का वितरण किया। इस सेवा कार्य में सम्मेलन की जिला इकाई की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हिस्सा लिया और मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष एडवोकेट मिताली अग्रवाल ने किया। उन्होंने बताया कि शीत ऋतु में निर्धन एवं असहाय वर्ग को ठंड से बचाने के लिए कंबल वितरण जैसे सेवा कार्य अत्यंत आवश्यक हैं। संगठन की एकजुटता और समर्पण के कारण ही इस प्रकार के सामाजिक कार्य सम्पन्न हो पाते हैं। महिला अग्रवाल सम्मेलन समय-समय पर समाज के कमजोर वर्गांे की सहायता के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहा है और आगे भी यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे। महामंत्री दीपा डालमिया ने कहा कि सेवा भाव ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। कोषाध्यक्ष अंजली बंसल ने बताया कि संगठन के संसाधनों का सदुपयोग कर अधिक से अधिक लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उपाध्यक्ष डॉ. शिवानी गर्ग, संगठन मंत्री प्रीति गुप्ता एवं प्रचार मंत्री निशा मित्तल ने कहा कि सर्द मौसम में कंबल वितरण जैसा कार्य जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित होता है। उन्होंने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। कंबल वितरण कार्यक्रम में जिला संरक्षक सरोज अग्रवाल, शिमला गुप्ता एवं सीमा गुप्ता सहित अनेक सदस्य मौजूद रहीं।
