हनुमानगढ़। समाज में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह का संकल्प लेकर कार्य कर रही श्री नव दुर्गा सेवा समिति की ओर से रविवार को 20वें सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन जंक्शन स्थित व्यापार संघ धर्मशाला में किया गया। समारोह में जरूरतमंद परिवारों की छह बेटियों का सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ। इनमें से पांच का सिख रीति-रिवाज से आनंद कारज तथा एक का हिंदू परंपरा अनुसार फेरे कराकर विवाह सम्पन्न कराया गया। जिन परिवारों के लिए बेटियों का विवाह आर्थिक कारणों से चिंता का विषय बना हुआ था, उनके लिए यह आयोजन किसी वरदान से कम नहीं रहा। समिति ने विवाह की संपूर्ण व्यवस्थाएं करने के साथ-साथ नवदंपती को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामान और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने के लिए सिलाई मशीनें भी भेंट कीं। इस मौके पर राजकुमार हिसारिया के परिवार ने उनकी 50वीं विवाह वर्षगांठ तथा उनके पुत्र आदित्य हिसारिया की 25वीं विवाह वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरे आयोजन का व्यय वहन कर सामाजिक सरोकार का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, भाजपा नेता अमित चौधरी, पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया, श्री गोशाला समिति अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया, व्यापार संघ अध्यक्ष पदम जैन, समिति अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल, दीनदयाल हिसारिया, नौरंगराय हिसारिया, राजेश हिसारिया तथा साहिल बलाड़िया मौजूद रहे। अतिथियों ने नवदंपती को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। समिति अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल ने बताया कि जोड़ों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया। प्रत्येक आवेदन की दस्तावेजीय जांच के बाद ही उन्हें सामूहिक विवाह में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य सिर्फ विवाह कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक और आर्थिक संबल प्रदान करना है। साथ ही सामूहिक विवाह जैसे आयोजन दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों को कम करने और समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रभावी माध्यम बनते हैं। समारोह के आयोजन में राजेश गर्ग, राजेश गुप्ता, पवन गर्ग, मनोज गर्ग, अशोक मोंगा, विकास मित्तल, सुमंत गर्ग, सुरेश कटारिया, नरेंद्र गर्ग, दर्शन मिड्ढा, सुदर्शन गोयल, दौलतराम शाक्य, सुशील ढुढाणी का सहयोग रहा।
