हनुमानगढ़। राजस्थान हाईकोर्ट, जोधपुर की पहल पर पूरे प्रदेश के प्रत्येक जिला चिकित्सालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) की सुविधा विकसित की गई है, ताकि चिकित्सकों के समय की बचत हो सके और न्यायालयों को भी गवाही के लिए चिकित्सकों से त्वरित रूप से संपर्क मिल सके। इसी क्रम में मंगलवार को हनुमानगढ़ टाउन स्थित महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला चिकित्सालय में वीसी सेटअप स्थापित होने के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पहली गवाही दर्ज की गई।

जानकारी के अनुसार वीसी के जरिए संगरिया न्यायालय में विचाराधीन मामलों की गवाही करवाई गई। कुल चार प्रकरणों में पीएमओ डॉ. शंकर सोनी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गवाही की कार्रवाई पूरी की गई। यह जिला चिकित्सालय में वीसी सुविधा के उपयोग की पहली प्रक्रिया रही। पीएमओ डॉ. शंकर सोनी ने बताया कि वीसी सेटअप स्थापित होने से पहले चिकित्सकों को गवाही के लिए जयपुर, जोधपुर अथवा अन्य जिलों एवं राज्यों तक यात्रा करनी पड़ती थी। इससे न केवल समय की बर्बादी होती थी, बल्कि आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता था।

कई बार चिकित्सकों की अनुपस्थिति के कारण अस्पताल की सेवाएं भी प्रभावित होती थीं। उन्होंने कहा कि अब जिला अस्पताल में ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा उपलब्ध होने से चिकित्सक निर्धारित समय पर न्यायालय से जुड़कर गवाही दे सकेंगे। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी। यह व्यवस्था न्यायिक प्रक्रिया को भी अधिक प्रभावी और त्वरित बनाएगी।
